भारत में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमितों के आंकड़े


देश में कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते बुधवार को और दो लोगों की जान चली गई। मध्य प्रदेश में महिला और तमिलनाडु में पुरुष ने दम तोड़ दिया है। दोनों ही राज्यों में इस खतरनाक वायरस से ये पहली मौतें हैं। 63 नए मामलों के साथ संक्रमितों का आंकड़ा भी 600 को पार कर गया है। सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 15 और केरल में नौ नए केस सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और राज्यों के स्वास्थ्य विभागों के मुताबिक देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 630 हो गई है। इससे अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री सी. विजयभास्कर ने मदुरै में कहा कि कोरोना वायरस पॉजिटिव 54 साल के व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक व्यक्ति शुगर, हाइपरटेंशन और फेफड़े की बीमारी से ग्रस्त था। वहीं, मध्य प्रदेश के इंदौर में 65 साल की एक महिला ने दम तोड़ दिया है। महिला उज्जैन की रहने वाली थी।


स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक कुल संक्रमितों में 43 विदेशी, जान गंवाने वाले 10 व्यक्ति और उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके 43 लोग भी शामिल हैं। महाराष्ट्र में बुधवार को 15 नए संक्रमित मामले सामने आए और इनकी संख्या बढ़कर 122 हो गई है। मुंबई में सात, सांगली के इस्लामपुर में पांच और कल्याण-डोंबिवली, नवी मुंबई और पनवेल में एक-एक केस सामने आया। नवी मुंबई में संक्रमित मिला व्यक्ति फिलीपींस के नागरिक के संपर्क में आया था, जिसकी हाल ही में मौत हो गई थी। हालांकि, वह संक्रमण से मुक्त हो चुका था। तेलंगाना में तीन नए केस मिले हैं और संक्रमितों की संख्या 39 हो गई है। तमिलनाडु में पांच नए केस मिले हैं, जिनमें इंडोनेशिया के चार नागरिक शामिल हैं। राज्य में संक्रमितों की संख्या 23 हो गई है। जबकि, उत्तर प्रदेश में दो नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 39 पर पहुंच गया है। गुजरात में भी चार लोगों को संक्रमित पाया गया है और यह संख्या 39 हो गई है। नए केस में एक व्यक्ति विदेश गया था। राज्य में एक करोड़ से ज्यादा लोगों पर नजर रखी जा रही है।


कोरोना का प्रसार


महाराष्ट्र -122 (तीन विदेशी)


केरल - 112 (सात विदेशी)


कर्नाटक - 41


उत्तर प्रदेश - 39 (तीन विदेशी)


तेलंगाना - 39 (11 विदेशी)


गुजरात - 39


राजस्थान - 37 (दो विदेशी)


दिल्ली - 35 (एक विदेशी)


पंजाब - 31


हरियाणा - 31 (14 विदेशी)


तमिलनाडु - 23


मध्य प्रदेश - 15


लद्दाख - 13 (दो ठीक हुए)


जम्मू-कश्मीर - 11


बंगाल - 9


आंध्र प्रदेश - 8


चंडीगढ़ - 7


उत्तराखंड - 5


बिहार -4


हिमाचल प्रदेश - 3


ओडिशा - 2


पुडुचेरी - 1


छत्तीसगढ़ -1


मणिपुर -1


मिजोरम -1