जोमैटो ने खरीदा उबर ईट्स का कारोबार


ऑनलाइन खाना डिलिवरी की सुविधा देने वाली कंपनी जोमैटो ने उबर ईट्स इंडिया को खरीद लिया है। जोमैटो ने उबर ईट्स का भारतीय कारोबार लगभग (2485 करोड़ रुपये) 35 करोड़ डॉलर में खरीदा है। इस सौदे के बाद उबर के पास महज 9.9 फीसदी शेयर होंगे। यह सौदा रात को तीन बजे हुआ और मंगलवार सुबह सात बजे से उबर ईट्स के ग्राहकों को जोमैटो की एप पर रीडायरेक्ट किया जा रहा है।


कंपनी के सूत्रों ने बताया है कि यह अधिग्रहण केवल भारत में उबर ईट्स के लिए है। अन्य देशों में उबर ईट्स अपनी सुविधाएं जारी रखेगी। सूत्रों ने बताया कि उबर ईट्स अब देश में एक अलग प्लेटफॉर्म के तौर पर मौजूद नहीं रहेगी। उबर ईट्स के ग्राहकों को जोमैटो की एप पर रीडायरेक्ट किया जाएगा। साथ ही भारत में उबर ईट्स की टीम को जोमैटो अपने साथ नहीं रखेगी। यानी उबर ईट्स के करीब 100 एग्जिक्यूटिव्स को या तो उबर के अन्य वर्टिकल्स में भेजा जाएगा या उनकी छंटनी की जाएगी। लेकिन अभी इस मामले में जोमैटो और उबर ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।


उबर ने भारत में 2017 में फूड डिलीवरी बिजनेस शुरू किया था। उबर ईट्स ने पिछले पांच महीने में 2,197 करोड़ रुपये का घाटा होने की जानकारी दी थी। इसके प्लेटफॉर्म पर 41 शहरों के 26,000 होटल लिस्टेड हैं। वहीं जोमैटो पर 24 देशों के 15 लाख होटल के बारे में जानकारी उपलब्ध है। कंपनी हर महीने करीब सात करोड़ ग्राहकों को सुविधा देती है। कुछ दिन पहले जोमैटो ने अपने मौजूदा निवेशक आंट फाइनेंशल से 15 करोड़ डॉलर यानी 1065 करोड़ रुपये का नया निवेश जुटाया था। कंपनी की वैल्यूएशन 300 करोड़ डॉलर यानी 21,300 करोड़ रुपये है।