पठानकोट-चंबा एनएच पर भूस्खलन से आवाजाही बंद


पठानकोट-चंबा-भरमौर एनएच पर केरू में पहाड़ी से भूस्खलन होने पर वीरवार को दो घंटे तक मार्ग बाधित रहा। ऐसे में वाहन चालकों सहित सवारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वीरवार तड़के करीब साढ़े चार बजे केरू में भूस्खलन होना शुरू हो गया। इस दौरान बड़ी-बड़ी चट्टानों सहित भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरा। गनीमत यह रही कि जिस समय भूस्खलन शुरू हुआ उस वक्त मार्ग पर कोई भी वाहन नहीं गुजर रहा था, अन्यथा कोई बड़ी घटना हो सकती थी। अंधेरा छंटने लगा तो मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। लेकिन जैसे ही वाहन चालक उक्त स्थान पर पहुंचे तो भूस्खलन के कारण मार्ग को बंद पाया।


इसके बाद वाहन चालकों व स्थानीय लोगों द्वारा मार्ग के बंद होने के बारे में एनएच प्राधिकरण को सूचना दी गई। कनिष्ठ अभियंता कनुप्रिया मशीनरी सहित मौके पर पहुंचती तथा मार्ग को बहाल करवाने का कार्य शुरू किया गया। मलबा अधिक होने के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतारे लग गर्ई। एनएच प्राधिकरण ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को आवाजाही के लिए बहाल करवाया। लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में एनएच पर कई स्थानों पर भूस्खलन होना शुरू हो जाता है, जिस कारण सफर करने में हमेशा खतरा बना रहता है। उधर, एनएच प्राधिकरण की कनिष्ठ अभियंता कनुप्रिया ने कहा कि वीरवार सुबह उन्हें मार्ग के केरू नामक स्थान पर भूस्खलन के कारण बंद होने की सूचना मिली थी, जिसके तुरंत बाद मार्ग को बहाल करवाने का कार्य शुरू किया गया था।