25 हजार के पास पहुंची देश में कोरोना मरीजों की संख्या


देश में कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या 25 हजार के पास पहुंच गई है। महाराष्ट्र खासकर मुंबई और गुजरात में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। मुंबई में पिछले 10 दिनों में दोगुना से भी ज्यादा मामले बढ़ गए हैं। वहीं, गुजरात में एक दिन में 256 नए मामले सामने आए हैं और छह लोगों की जान चली गई है। अगर पूरे देश की बात करें तो एक दिन में कोरोना से 56 लोगों की जान गई है जबकि 14 सौ नए केस सामने आए हैं। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के मुताबिक देश में अब तक 779 लोगों की मौत हुई है और 24,942 लोग संक्रमित हैं। हालांकि देश में ठीक होने वाले लोगों की संख्या पांच हजार को पार कर गई है।


मुंबई में आंकड़ों को लेकर अधिकारियों ने बताया कि 15 अप्रैल को महानगर में संक्रमित मरीजों की संख्या 1,896 तो 24 अप्रैल तक बढ़कर 4,447 हो गई यानी 2,551 मामले बढ़े जो दोगुना से भी ज्यादा हैं। इस दौरान मरने वालों की संख्या भी 114 से बढ़कर 178 हो गई है। पुणे में हालात कुछ ठीक होते नजर आ रहे हैं और वहां मौत की दर कम हुई है। बीते 17 अप्रैल को यह दर 9.18 फीसद थी जो 24 अप्रैल को घटकर 6.5 फीसद पर आ गई। शनिवार को यवतमाल जिले में 15 और अमरावती में आठ नए मामले सामने आए। महाराष्‍ट्र में अब तक 96 पुलिसकर्मी भी संक्रमित हुए हैं। एक हेड कांस्टेबल की मौत भी हो गई है। 


गुजरात में कोरोना का कहर जारी है। पिछले कुछ दिनों से लगातार नए मामले बढ़ रहे हैं। शनिवार को भी 256 नए मामले सामने आए और छह लोगों की मौत हो गई। राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा तीन हजार को पार कर 3,071 पर पहुंच गया है। जबकि इस महामारी से अब तक 133 लोगों की जान भी जा चुकी है।


उत्तर प्रदेश के हालात में भी तेजी से बदलाव आया है। शुरू में नोएडा-ग्रेटर नोएडा में ज्यादा मामले सामने आए, बाद में लखनऊ और कानपुर में मामले देखे गए और अब नेपाल के सीमावर्ती जिले कुशीनगर में एक दिन में ही 19 मामले सामने आए हैं। इनमें से एक ही परिवार के 18 सदस्य हैं। इनके परिवार के लड़के देवबंद के दारुल उलूम में बढ़ते थे और जो संक्रमित पाए गए और उनसे अन्य लोगों तक यह संक्रमण पहुंचा। इनको मिलाकर शनिवार को उत्तर प्रदेश में 157 नए मामले सामने आए और संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,778 हो गई।


जम्मू-कश्मीर में भी मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं। शनिवार को 40 नए मामले सामने आए और कुल 494 संक्रमित हो गए। एक व्यक्ति की मौत भी हुई है और मृतकों की संख्या छह हो गई है।


राज्य संक्रमित


महाराष्ट्र - 6,817


गुजरात - 3,071


दिल्ली - 2,514


राजस्थान - 2,034


तमिलनाडु - 1,755


उत्तर प्रदेश - 1,778


तेलंगाना - 983


आंध्र प्रदेश - 1,016


केरल - 457


कर्नाटक - 500


जम्मू-कश्मीर - 494


बंगाल - 514


पंजाब - 298


हरियाणा - 275


बिहार - 228


ओडिशा - 94


झारखंड - 60


उत्तराखंड - 48


हिमाचल प्रदेश - 41


छत्तीसगढ़ - 37


असम - 35


चंडीगढ़ - 27


अंडमान-निकोबार -22


मध्य प्रदेश - 1,945


लद्दाख - 19


मेघालय -12


गोवा - 7


पुडुचेरी - 4


मणिपुर - 2


त्रिपुरा - 2


मिजोरम - 1


नगालैंड - 1