कोरोना वायरस के कारण सिविल सेवाओं का साक्षात्कार स्थगित


संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने कोरोना वायरस के प्रसार पर रोक लगाने के एहतियाती उपाय के तहत 2019 की सिविल सेवा परीक्षा का साक्षात्कार स्थगित कर दिया है। कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि साक्षात्कार की नई तारीखों से अभ्यर्थियों को बाद में अवगत करा दिया जाएगा।


कोविड-19 के कारण, एहतियात के तौर पर यूपीएससी ने 23 मार्च, 2020 से 3 अप्रैल, 2020 तक सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा 2019 के अभ्यर्थियों के व्यक्तित्व परीक्षण को टाल दिया है। उल्लेखनीय है कि यूपीएससी हर साल तीन स्तरों (प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार) पर सिविल सेवा परीक्षा का आयोजन करता है। इस परीक्षा से भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा और भारतीय विदेश सेवा समेत अन्य सेवाओं के लिए अधिकारियों का चयन किया जाता है।