कनिका कपूर के संपर्क में आए 164 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव


लखनऊ में कोरोना पॉजिटिव पाई गई बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर की विभिन्न पार्टियों में स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह व उनके परिवार सहित जो 164 लोग संपर्क में आए थे, उन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसमें वे 28 लोग भी हैं, जो कनिका के बेहद नजदीक थे। सूबे के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। कनिका के साथ के लोगों के अलावा आगरा, फीरोजाबाद, अयोध्या व शाहजहांपुर के संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट भी निगेटिव आई। शाहजहांपुर में जर्मनी से वापस आए दंपती व नेपाल से लौटे युवक की रिपोर्ट भी निगेटिव है।


कनिका कपूर लखनऊ में आयोजित एक पार्टी में शरीक हुई थीं। इस पार्टी में कनिका के संपर्क में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और उनके बेटे दुष्यंत सिंह के साथ साथ डिजाइनर आदिल अहमद, उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह और उनकी पत्‍नी समेत कई दिग्‍गज आए थे। इनमें से अधिकांश नेताओं ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। वसुंधरा राजे ने ट्वीट कर बताया है कि सावधानी के तौर पर वह और उनके बेटे दुष्यंत सेल्फ़ आइसोलेशन में हैं और सभी जरूरी निर्देशों का पालन कर रहे हैं। उत्‍तर प्रदेश में संक्रमितों में से 11 अब तक स्वस्थ होकर अस्पताल से छुट्टी पा चुके हैं। शनिवार को 41 संदिग्धों को भर्ती कराया गया। संचारी रोग विभाग के संयुक्त निदेशक विकासेंदु अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश में अब तक 1236 नमूने जांच के लिए भेजे जा चुके है। इसमें से 1067 संदिग्धों की जांच रिपोर्ट निगेटिव है। वहीं 143 की रिपोर्ट आना अभी शेष है। कोरोना से संक्रमित लखनऊ की पहली मरीज अब संक्रमण मुक्त हो गई हैं। आठ मार्च को कनाडा से लौटी महिला डॉक्टर की दूसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आने के बाद उन्हें 14 दिन तक होम आइसोलेशन पर रहने को कहा गया है।