135 देशों में पहुंचा कोरोना वायरस, महामारी घोषित


चीन के वुहान शहर से फैले कोरोना वायरस के प्रकोप से पूरी दुनिया में खौफ का माहौल है। इसकी रोकथाम के प्रयास में सीमाओं को सील करने से लेकर आवाजाही पर रोक लगाने जैसे सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। चीन में हालांकि इस जानलेवा वायरस के मामलों में कमी आ गई है, लेकिन अब यूरोप इसका केंद्र बन गया है। विश्वभर में अब तक एक लाख 46 हजार लोग संक्रमित हो चुके हैं और करीब 5,500 की जान जा चुकी है। वैश्विक महामारी घोषित हो चुका कोरोना वायरस लगभग 135 देशों में पहुंच चुका है।


चीन से बाहर कोरोना वायरस से इटली और ईरान में गंभीर हालात हैं। जबकि यूरोप में इटली के बाद स्पेन, फ्रांस, स्विटजरलैंड, ब्रिटेन और नीदरलैंड भी ज्यादा प्रभावित हैं। ऐसे में इस प्रकोप पर अंकुश लगाने के प्रयास में कई देश सख्त कदम उठाने को विवश हो रहे हैं। कोलंबिया ने कहा कि वह वेनेजुएला से लगती अपनी सीमाओं को बंद करेगा। यूरोप और एशिया से आने वालों पर रोक लगाएगा। अमेरिका ने शुक्रवार मध्यरात्रि से यूरोपीय देशों के नागरिकों के आने पर रोक लगा दी। ताइवान ने यूरोप से आने वाले लोगों के लिए 14 दिन का आइसोलेशन अनिवार्य कर दिया है।


कोरोना वायरस के मद्देनजर नेपाल ने भी विदेशियों के प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। शनिवार रात 12 बजे से यह प्रतिबंध प्रभावी हो गया है। फिलहाल प्रतिबंध 30 मार्च तक के लिए है। नेपाल के इस कदम के बाद भारत-नेपाल सीमा विदेशियों के लिए सील हो गई है। भारतीय नागरिकों को प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है। नेपाल के बेलहिया स्थित आव्रजन अधिकारी गिरिराज खनाल ने बताया कि 30 मार्च तक नेपाल में भारतीयों को छोड़ अन्य विदेशी नागरिकों के प्रवेश पर प्रतिबंध के आदेश जारी कर दिए गए हैं।