दो घंटे में खाली होगा शाहीन बाग


जिस मुद्दे ने दिल्ली की राजनीति में तहलका मचा रखा है, वहां चल रहा विरोध प्रदर्शन दो घंटे में खत्म हो सकता है। दिल्ली पुलिस ने इसके लिए पूरी तैयारी कर रखी है। आदेश मिलते ही दो घंटे में शाहीन बाग को खाली करा दिया जाएगा। कौन अफसर दिल्ली पुलिस के विशेष ऑपरेशन को लीड करेगा, कुल कितने जवान होंगे और दिल्ली पुलिस की मदद के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की कितनी बटालियन रहेंगी, ये सब तय हो चुका है। ऑपरेशन में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या कितनी होगी, इसका हिसाब किताब लगा लिया गया है। वाटर कैनन, आंसू गैस और फायर सर्विस, ये सब पुलिस की तैयारी का हिस्सा हैं। दिल्ली पुलिस को इंतजार है तो केवल आदेश मिलने का।


ऑपरेशन शुरू करने से पहले यह देखा जाता है कि प्रदर्शन वाली जगह पर संदिग्ध लोग कितने हो सकते हैं। क्या उनके पास घातक हथियार हैं, पेट्रोल एवं दूसरे हानिकारक केमिकल या विस्फोटक सामग्री तो नहीं है। आसपास के इलाके में ऐसे कितने लोग हैं, जो पुलिस कार्रवाई का विरोध कर सकते हैं। पथराव और घातक हथियार, इस बाबत पहले ही पुख्ता जानकारी जुटा ली जाती है। शाहीन बाग में इन सब बातों की पुख्ता रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। अर्धसैनिक बलों को पहले ही सूचित कर दिया गया है। किस फोर्स के कितने जवान रिजर्व में रहेंगे और कितने ऑपरेशन का हिस्सा होंगे, यह सब तय कर लिया गया है। 

 

ऑपरेशन के दौरान आसपास के कितने इलाके सील होंगे, इसका प्लान भी बना लिया गया है। अप्रिय घटना होने की स्थिति में आसपास के अस्पतालों में दो सौ से ज्यादा बैड खाली रखे जाते हैं। करीब दर्जनभर एंबुलेंस भी मौके पर मौजूद रहती हैं। दिल्ली पुलिस को जैसे ही आदेश मिलेंगे, शाहीन बाग को खाली करा दिया जाएगा।