बारिश से हुए बाढ़ जैसे हालात


हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से लेकर महाराष्ट्र और आंध्रप्रदेश तक बारिश ने तबाही मचा रखी है। पिछले तीन दिनों से उत्तर प्रदेश में बारिश जहां लोगों पर मौत बन कर बरस रही है, वहीं बिहार में भी बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। भारी बारिश और बाढ़ से उत्तर प्रदेश में अबतक 55 लोगों की मौत हो चुकी है। उत्तर प्रदेश में तीन दिन से मूसलाधार बारिश जारी है और अगले दो दिन तक राहत के आसार नहीं हैं। 
वहीं, दूसरी ओर बिहार भी बारिश से बेहाल है। यहां भारी बारिश के बाद सड़क से लेकर घरों तक पानी भर गया है। पटना जंक्शन समेत कई जगहों पर रेल ट्रैक पर जलजमाव हो गया। राजधानी पटना में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। वहीं, नालंदा मेडिकल कॉलेज में वार्ड और आईसीयू तक में भी पानी भर गया है। प्रदेश के 15 जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। 


मानसून की जो स्थिति है, अभी 10 दिन तक इसके लौटने के आसार नहीं हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, पांच अक्तूबर तक भारी बारिश का अनुमान है। इसलिए हो सकता है कि पांच अक्तूबर तक मानसून का लौटना शुरू भी नहीं हो पाएगा।