कचरे का ढेर बना , 2 एकड़ का खूबसूरत पार्क


गुड़गांव | पिछले कई वर्षों से शीतला माता मंदिर के सामने कूड़ा डाला जा रहा था। शीतला कॉलोनी में रहने वाले एक शख्स के प्रयासों से आज यह जगह खूबसूरत पार्क में बदल गई है। कूड़ा डालने से ये जगह डंपिंग ग्राउंड में बदल गई थी। कॉलोनी के रेजिडेंट्स के साथ मिलकर प्रमोद गुप्ता ने 6 महीने की मेहनत से गंदगी से भरी इस जगह को सांस लेने लायक बना दिया है। लोग यहां आकर पौधे गोद लेते हैं और उसकी देखभाल की शपथ भी लेते हैं। शीतला कॉलोनी में रहने वाले प्रमोद गुप्ता एक छोटी सी वर्कशॉप चलाते हैं। उन्होंने बताया कि शीतला माता मंदिर के ठीक सामने लोग कई सालों से कूड़ा डालते आ रहे थे। इससे यह जगह अवैध डंपिंग ग्राउंड में तब्दील हो गई थी। बारिश में यहां पानी भर जाता था। इसमें आवारा पशु पड़े रहते थे। यहां से गुजरने वाले को दिनभर बदबू से परेशानी होती थी। उन्होंने इसे साफ कर यहां पार्क डिवेलप करने की सोची और काम शुरू किया। प्रमोद का कहना है कि स्थानीय विधायक की मदद से करीब दो एकड़ के एरिया में रेलिंग लगवाने का काम शुरू किया गया। इसके बाद वर्क शॉप से टाइम निकालकर रोज थोड़ा-थोड़ा सफाई का काम शुरू किया। गंदगी को हटाने के साथ-साथ लोगों से यहां कूड़ा न डालने के की अपील की और जागरूक किया। सफाई के बाद उन्हें पौधे लगाते देख आस पास के लोग उनके प्रयास की सराहना करने लगे। इसके बाद उनकी मुहिम में धीरे धीरे स्थानीय लोग भी शामिल होने लगे। आज उस एक प्रयास से कूड़े का ढेर खूबसूरत पार्क बन गया है |