हरियाणा के अमीन गांव का नया नाम होगा अभिमन्युपुर


हरियाणा में कुरुक्षेत्र जिले के अमीन गांव का नाम बदलकर अभिमन्युपुर करने को केंद्र सरकार ने अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है। राज्य सरकार ने केंद्र से इस आशय का अनुरोध किया था। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि कुछ केंद्रीय संगठनों से अनापत्ति प्रमाणपत्र मिलने के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने यह फैसला किया है।


मौजूदा गाइडलाइंस के मुताबिक केंद्रीय गृह मंत्रालय नाम बदलने के प्रस्ताव पर फैसला संबंधित एजेंसियों से विचार-विमर्श के बाद करता है। इन एजेंसियों में रेल मंत्रालय, डाक विभाग और भारतीय सर्वेक्षण विभाग शामिल हैं। ये विभाग इस बात की पुष्टि करते हैं कि प्रस्तावित किए गए नाम पर कोई और शहर, कस्बा या गांव रिकॉर्ड में नहीं है। किसी भी गांव या कस्बे या शहर का नाम बदलने के लिए कार्यकारी आदेश जरूरी होता है। जबकि किसी राज्य का नाम बदलने के लिए संसद में साधारण बहुमत से प्रस्ताव पारित करके संविधान में बदलाव करना होता है। मालूम हो कि पिछले तीन साल में केंद्र सरकार करीब 25 कस्बों, गांवों या जिलों के नाम बदलने को मंजूरी प्रदान कर चुकी है। इनमें उत्तर प्रदेश के फैजाबाद को अयोध्या और इलाहाबाद को प्रयागराज किया जाना शामिल है।


बीते दिनों उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्‍या कर दिया था। इसके बाद जिला प्रशासन ने सरकारी संस्‍थानों और कार्यालयों में फैजाबाद की जगह अयोध्‍या का बोर्ड लगा दिया था। यहां तक कि बस स्‍टेशन का नाम भी अयोध्‍या कर दिया गया था। बस टिकट तो अयोध्‍या के नाम से मिलने लगे थे लेकिन रेल के टिकटों पर नाम फैजाबाद ही चल रहा था। इसके बाद साधु संतों ने मांग की थी कि मंदिर निर्माण से पहले ही केंद्रीय कार्यालयों से भी फैजाबाद का नाम हटा दिया जाना चाहिए। अब जब केंद्र ने नामों में बदलाव पर मुहर लगा दी है। सरकारों द्वारा बदले गए नाम केंद्रीय कार्यालयों में भी लागू हो जाएंगे।